सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। सहारनपुर में कार्यक्रम का प्रसारण हुआ। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि योजना से लघु एवं सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसके लिए छह लाख तक के ऋण का प्रावधान रखा गया है।
बुधवार को लखनऊ से प्रसारण के दौरान सहारनपुर स्थित गुर्जर भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक (एलडीबी) के माध्यम से पात्र किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। समय से किस्त जमा करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं और पांच वर्षों में पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में किसान क्रेडिट कार्ड के तीन तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और कृषि अवसंरचना कोष के एक-एक लाभार्थी को सांकेतिक चेक दिए गए। इस दौरान भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इससे यात्रियों को परिवहन सुविधा मिलने के साथ चालकों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। कार्यक्रम में विधायक किरत सिंह, राजीव गुंबर, देवेंद्र निम, सीडीओ डॉ. सुनील वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा समेत अधिकारी और सहकारिता प्रतिनिधि मौजूद रहे।