बेहट (सहारनपुर)। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने फतेहपुर टांडा विद्युत उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन के बाद किसानों ने अपनी समस्याओं से संबंधित 6 सूत्रीय ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सौंपा।
विद्युत उपकेंद्र फतेहपुर टांडा पर सेामवार को अघोषित विद्युत कटौती एवं विद्युत बिलों में गड़बड़ी को लेकर भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। धरने को संबोधित करते हुए जिला सचिव मोहम्मद आलिम प्रधान ने कहा, कि क्षेत्र में विद्युत लाइन जर्जर हालत में है, जिनसे हर वक्त हादसों का खतरा बना हुआ है। इसके बाद उन्होंने उपखंड अधिकारी को 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने बकाया विद्युत बिल होने पर किसी का कनेक्शन नहीं काटे जाने, बकाया विद्युत बिलों के भुगतान की अवधि बढ़ाए जाने, बिलों में हो रही गड़बड़ी को विद्युत उपकेंद्र पर ही ठीक कराए जाने, मिर्जापुर विद्युत उपकेंद्र से बार-बार विद्युत सप्लाई न काटे जाने, जर्जर विद्युत लाइनों के तार बदलवाने समेत आदि मांग की गई। इसके अलावा किसानों ने जेई द्वारा फोन कॉल रिसीव न करने पर भी नाराजगी जताई। धरना प्रदर्शन में मोहम्मद आलिम प्रधान, अनुज कश्यप, साजिद रावत, चौधरी राकेश, सतपाल नागर, नीलम नागर, मुकेश चौधरी, मुकर्रम,नौशाद प्रधान, पप्पू, सुनील राणा, खुर्शीद प्रधान, अनिल रावत, मुनव्वर रावत, असलम अंसारी, सुखबीर राणा, धर्मवीर सिंह राणा आदि शामिल रहे।