मंडल आयुक्त पर बैठक लेते कमिश्नर संजय कुमार
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मंडलायुक्त संजय कुमार ने अधिकारियों को शहर में रात्रि के समय बेहतर पुलिसिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिससे रात्रि में महिलाएं बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य पर पहुंच सकें। उन्होंने नगरायुक्त को तत्काल शहर के डार्क जोन क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने शहर में पिंक ऑटो और पिंक ई-रिक्शा का संचालन कराने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को कैंप कार्यालय पर बैठक में सेफ सिटी के कार्यों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि शहर में यातायात की समुचित व्यवस्था की जाए। पुलिस अधिकारियों को रात्रि में पुलिस गश्त बढ़ाने का निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। महिलाओं के अधिक आवागमन वाले प्रमुख चौराहे पर पिंक शौचालयों का निर्माण कराया जाए। इन शौचालयों में साफ-सफाई, साज-सज्जा, लाईटिंग आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए। संवेदनशील चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। महिला थाने पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम की स्थापना करने और महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसील, ब्लाक, विकास भवन, कलेक्ट्रेट, आयुक्त कार्यालय आदि कार्यालयों में अनिवार्य रूप से महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की जाए। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी में वर्किंग वूमेन हॉस्टल का प्रस्ताव पारित हो गया है। जल्द ही टेंडर कराकर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह को निर्देश दिए कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिये आशा ज्योति केंद्र पर भी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। इस दौरान जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात प्रेमचंद्र, एसडीएम सदर अनिल कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
15 अगस्त से पहले चलवाएं पिंक ऑटो
मंडलायुक्त संजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक यातायात प्रेमचंद्र को निर्देश दिए कि 15 अगस्त से पहले पिंक ऑटो एवं पिंक ई-रिक्शा चलाई जाएं। इसके लिए आरटीओ के माध्यम से रूटों को चिन्हित कर लिया जाए। पिंक ई-रिक्शा के संचालन के लिए महिला चालकों को ही प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन ने 50 इलैक्ट्रिक बसों की स्वीकृति दे दी है। उन्होंने इलैक्ट्रिक बसों के स्टैंड और चार्जिंग प्वाइंट के लिए जगह चिन्हित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सर्वे कर जानकारी ले लें कि किन रूटों पर इन बसों की आवश्यकता है।