गंगोह/सहारनपुर। कोतवाली गंगोह क्षेत्र के गांव मैनपुरा में विदाई से पहले एक युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इसी दौरान पड़ोसी युवक ने भी जहर खा लिया और थाने पहुंच गया। हालत गंभीर देखते हुए पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवती की तीन वर्ष पूर्व शादी हुई थी और रविवार को उसकी विदाई होनी थी।
मैनपुरा निवासी आयशा (25) का निकाह तीन वर्ष पूर्व नकुड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव नवाजपुर निवासी युवक से हुआ था। उसकी विदाई नहीं हुई थी। रविवार को उसकी विदाई की तारीख तय थी। ससुराल पक्ष के लोग विदाई के लिए गांव आए थे। शादी में दिया गया सामान भी जा चुका था। इसी बीच विदाई से पहले ही युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड गई। परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, इसी बीच युवती के पड़ोस में रहने वाले युवक मेहरदीन (26) ने भी जहर खा लिया और कोतवाली गंगोह पहुंच गया। पुलिस ने तुरंत उसे सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में युवक की भी मौत हो गई है। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों जहर खाकर आत्महत्या की है। बाकी स्थिति का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।