ग्राम पटनी में निरीक्षण करती बीडीओ सरसावा
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। बीडीओ सरसावा ने गांव पटनी तथा हरड़ाखेड़ी में मनरेगा के अंतर्गत खोदाई कराए जा रहे तालाबों का निरीक्षण किया। गांव हरड़ाखेड़ी में सड़क के किनारे गंदगी के ढेर लगे देख कर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तीन दिन में कूड़ा उठवाने का निर्देश दिया।
शुक्रवार दोपहर बाद खंड विकास अधिकारी ज्योति बाला सबसे पहले गांव पटनी में मनरेगा के अंतर्गत खुद रहे तालाब को देखने पहुंचीं। बरसात के कारण तालाब की खोदाई बंद होने के बाद उन्होंने प्रधान तथा सचिव को निर्देश दिया कि तालाब का कार्य पुन: शुरू कराया जाए। तालाब के पास निर्देश बोर्ड लगाया जाए तथा पौधरोपण का कार्य किया जाए। पटनी-पिलखनी मार्ग पर 24 मजदूर मनरेगा के अंतर्गत सफाई करते हुए मिले। उन्होंने गांव के तालाबों में काला तेल का छिड़काव करने, फॉगिंग करने, एंटी लार्वा का छिड़काव करने के निर्देश दिए। गांव पटनी के कार्यों पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इसके बाद बीडीओ गांव हरड़ाखेड़ी पहुंची। जहां उन्हें जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे दिखाई दिए। इस पर उन्होंने ग्राम प्रधान तथा ग्राम सचिव को तीन दिन के अंदर कूड़े के ढेर हटाने के निर्देश दिए। तालाब की खोदाई संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सभी कार्य मानकों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरे होने चाहिए। इस दौरान ग्राम प्रधान तेजपाल सैनी, एडीओ पंचायत राकेश शर्मा, एडीओ आईएसबी राजबीर सैनी, ग्राम सचिव सुभाष बर्मन, अशोक कुमार रहे।