सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में फेसबुक ग्रुप पर कुछ लोगों द्वारा बाबा साहेब पर अभद्र टिप्पणी करने को लेकर भीम आर्मी युवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने पहले थाना परिसर और बाद में तहसील मुख्यालय पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 11 मार्च तक भीमवादियों का बाप फेसबुक ग्रुप को बंद नहीं कराया गया तो कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।शनिवार की सुबह भीम आर्मी युवा संगठन के कार्यकर्ता एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे।
उन्होंने फेसबुक पर बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ बनाए ग्रुप का विरोध करते हुए उसे बंद कराने की मांग की। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे।
वहां संस्था के संस्थापक सचिन कुमार बाबरे, राहुल राज गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय एकता के प्रतीक और समता मूलक समाज की स्थापना को जीवन भर संघर्ष करने वाले बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर पर कोई गलत टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अराजक तत्वों ने फेसबुक पर भीमवादियों का बाप नाम से ग्रुप बना रखा है। इस पर बाबा साहेब के प्रति अभद्र टिप्पणी की जा रही हैं।
कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार भोपाल सिंह को एक ज्ञापन सौंपकर 11 मार्च तक इस ग्रुप को बंद कराने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन की प्रतिलिपि देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी भेजकर इस फेसबुक ग्रुप को बंद कराने की मांग की है।
इस मौके पर मुख्य रूप से शीतल कुमार, सचिन बाबरे, सोनू, महेश, जोनी, विक्की, शुभम, अंशु, राकेश, सुमित, रामगोपाल आदि मौजूद रहे।