बाबा बंसी वाले के गुरु कुटी वाले बाबा के बगल में बाबा जी की समाधि का निर्धारित स्थान
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा(सहारनपुर)। ब्रह्मलीन संत बाबा बंशी वाले की शोक सभा के लिए गांव सोराना के हनुमान मंदिर में व्यापक स्तर पर तैयारी चल रही है। जहां एक ओर धार्मिक क्रियाकलाप हो रहे हैं वहीं दूसरी ओर बाबा जी के अनुयायियों की भारी संख्या देखते हुए ब्रह्मभोज तथा अन्य व्यवस्थाएं की जा रही है।
ग्राम सोराना में जीवन पर्यंत बाबा बंशी वाले की सेवा तथा हनुमान मंदिर में पूजा पाठ करने वाले रविंद्र शर्मा ने बाबा जी की शोक सभा के विषय में जानकारी दी। सोमवार को रविंद्र शर्मा ने बताया कि 20 जुलाई मंगलवार को गांव में स्थित बाबा जी के आश्रय स्थल हनुमान मंदिर में ही बाबा जी की शोक सभा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह के समय सवा लाख गायत्री मंत्रों की जाप का समापन होगा। इसके पश्चात ब्रह्मभोज का आयोजन होगा तथा दोपहर एक बजे बाबा जी की शोक सभा आयोजित की जाएगी। बाबा बंशी वाले के लाखों अनुयायियों को देखते हुए स्थान थोड़ा कम है, लेकिन फिर भी मंशा यही थी कि बाबा जी की कि शोक सभा के दिन ही सभी अनुयायियों को बाबा जी के समाधि स्थल के भी दर्शन हो जाएं। शोक सभा में आने वाली भक्तों की भारी संख्या को व्यवस्थित करने तथा वाहनों की सही पार्किंग के लिए भी तैयारी की जा रही है।
वहीं बाबा जी का संयुक्त रूप से अंतिम संस्कार करने वाले विनय चौधरी ने कहा कि बाबा जी की शोक सभा में सभी अनुयायी सामान्य रूप से शामिल होंगे। बाबा जी गांव की पहचान थे और उनके नाम पर कोई विवाद नहीं है कुछ गलतफहमी थी जो समय के साथ दूर हो जाएंगी। बाबा जी का पूरा जीवन नर सेवा नारायण सेवा भूखे को भोजन प्यासे को पानी निर्धन को धर्म यात्रा कराने का में बीता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में बाबा जी के अनुयायी इस पुण्य कार्य को जारी रखेंगे।
बता दें कि बीती सात जुलाई को सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में बाबा बंशी वाले गोलोक वासी हो गए थे। बाबाजी ब्रह्मलीन होने के पश्चात 8 जुलाई को लाखों अनुयायियों की मौजूदगी में सरसावा क्षेत्र में यमुना घाट पर बाबा जी का अंतिम संस्कार किया गया वहीं करीब 1 सप्ताह पहले बाबाजी के अस्थि विसर्जन को लेकर गांव के ही दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई थी। हालांकि पुलिस की तत्परता के चलते मामला जल्दी कब्जे में आ गया था। इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी शोक सभा के लिए अपनी तैयारी की है। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी के नकुड़ अरविंद सिंह पुंडीर ने बताया कि विवाद वाले दिन से ही मंदिर में पीएसी तैनात है। साथ ही शोक सभा के लिए अतिरिक्त फोर्स बुला लिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा।