आवास विकास परिषद ने चार मंजिला फ्लैट बनाने का प्रोजेक्ट तैयार किया है। लगभग साढ़े तीन सौ फ्लैट लिए मवीकलां में 25 एकड़ भूमि पर बनाए जाएंगे। प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है।
अभी तक सहारनपुर में फ्लैट कल्चर नहीं शुरू हुआ। हालांकि लोगों ने अपने निजी आवासों को कई मंजिल तक बना लिया है। न तो विकास प्राधिकरण ने और न ही आवास विकास द्वारा अभी तक कोई ऐसी योजना तैयार की गई जो फ्लैट के रूप में हो।
इस बार आवास विकास परिषद द्वारा दिल्ली रोड स्थित मवीकलां में 25 एकड़ भूमि पर फ्लैट बनवाने की तैयारी कर रहा है। 25 एकड़ भूमि पर लगभग 350 फ्लैट का निर्माण कराएगा। इसमें ब्लॉक बनाकर चार-चार मंजिला भवन तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक मंजिल पर एक फ्लैट होगा। थ्री प्लस जी योजना में 2 बीएचके, थ्री बीचके एचं वन बीएचके के फ्लैट तैयार किए जा रहे हैं। जिससे हर वर्ग का व्यक्ति अपनी जरूरत के अनुसार इसे खरीद सके।
आवास विकास परिषद के सहायक अभियंता डीके बिष्ट ने बताया कि लगभग साढ़े तीन सौ आवास बनाने की योजना है, जो चार मंजिला होगी। इसमें हर वर्ग की जरूरत के लिए आवास तैयार कराए जाएंगे। मवीकलां में ही इस प्रोजेक्ट को तैयार किया जाएगा।
फ्लैट में रहने कहां से आएंगे लोग ?
सहारनपुर। आवास विकास द्वारा मवीकलां में लगभग 25 एकड़ भूमि पर लगभग 350 आवास बनाने की योजना बना रहा है, लेकिन मवीकलां में ही पहले से आवास विकास की कॉलोनी बनी हुई है। उसमें ही अभी आधे से अधिक आवास खाली पड़े हुए हैं। उन्हें ही लेने के लिए कोई नहीं आ रहा है। ऐसे में नए साढ़े तीन सौ आवास बनने के बाद उनमें रहने के लिए लोग कहां से आएंगे?