बड़गांव (सहारनपुर)। एक युवक ने पांच वर्षीय बच्ची को बीस के नोट का झांसा देकर उसे खाली पड़े मकान में ले जा कर दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़ित बच्ची बदहवास हालत में घर पहुंची तो परिजनों को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
बड़गांव थाने के एक गांव में सोमवार शाम पांच वर्षीय बच्ची अपने घर के सामने खेल रही थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला बिल्लू उर्फ अंकित पुत्र देशराज मासूम को बीस का नोट देने का झांसा देकर उसे अपने ताऊ के वीरान पड़े मकान में ले गया। जहां युवक ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। असफल होने पर वह मासूम को छोड़कर फरार हो गया। डरी सहमी बच्ची घर पहुंची और उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने युवक के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल पर भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रवेश कुमार का कहना है कि बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।