एक को महानगर की कमेला और दूसरे को एकता कॉलोनी से पकड़ा
रविवार की रात लखनऊ और देवबंद की टीमाें ने कई जगह की छापा मारा
आरोपियाें के खिलाफ कोतवाली मंडी में दर्ज कराई रिपोर्ट, कोर्ट में पेश कर जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। एटीएस की लखनऊ और देवबंद टीम ने कोतवाली मंडी व कुतुबशेर क्षेत्र में कमेला कॉलोनी एवं एकता कॉलोनी में छापा मारकर दो रोहिंग्या को गिरफ्तार किया है। आरोपी कई साल से यहां रह रहे थे। इनमें पास से कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। आरोपी नगर निगम के कमेले में मजदूरी करते थे।
एटीएस की टीम रविवार की रात कोतवाली मंडी क्षेत्र की एकता कॉलोनी और थाना कुतुबशेर क्षेत्र की कमेला कॉलोनी पहुंची। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि अवैध रूप से कमेला कॉलोनी में रह रहे रोहिंग्या अनवर सादिक पुत्र आलम सय्यद निवासी ग्राम तोनजोंग फकीर बाजार थाना मौण्डू जिला एक्यव म्यांमार को गिरफ्तार किया। यह यहां किराए के मकान में रह रहा था। वहीं, दूसरे आरोपी कैफितुल्ला पुत्र हालू निवासी ग्राम कुंडावारा थाना हसूरता जिला मुन्डू म्यांमार को एकता कॉलोनी में सकूरी मस्जिद के पास से पकड़ा गया।
वहीं, सूत्र बताते हैं कि दोनों आरोपी थाना कुतुबशेर क्षेत्र की कमेला कॉलोनी में स्थित नगर निगम के कमेले में मजदूरी करते थे। इनके पास से फर्जी आधार कार्ड भी मिले हैं। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दोनों को रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।