सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने नगरीय निकाय चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रभारी और सहायक प्रभारी नियुक्त किए हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने पटल से संबंधित कार्यों को आयोग के निर्देशानुसार समय से पूरा कराएंगे।
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र को उप जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में चुनाव से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को संपन्न कराने के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया। इनके साथ सहायक प्रभारी मनोज कुमार सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। मुख्य कोषाधिकारी अशोक राव गौतम तथा ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अमित यादव को भी सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है।
मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार को मतदान, मतगणना कार्मिक व्यवस्था तथा प्रशिक्षण का प्रभारी अधिकारी बनाया है। इनके साथ डीआईओएस रविदत्त, बीएसए अंबरीष कुमार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव राय, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी जगपाल कौशिक तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया। नगर मजिस्ट्रेट अनिरुद्ध प्रताप सिंह को परिवहन व्यवस्था के प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है। इनके साथ परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन रामप्रकाश मिश्रा, डीएसओ मनीष कुमार सिंह तथा जिला विकास अधिकारी को सह प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में सीडीओ विजय कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी, एडीएम वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र आदि अधिकारी मौजूद रहे।