सहारनपुर। भाजपा विधायक मुकेश चौधरी द्वारा मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव को की गई शिकायत पर दिल्ली रोड स्थित कॉसमास ग्रीन कॉलोनी की जांच शुरू की गई है। प्रमुख सचिव के निर्देश पर मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने उप जिलाधिकारी शामली विशु राजा को इसकी जांच सौंपी है।
नकुड़ के भाजपा विधायक मुकेश चौधरी ने विगत दिनों प्रमुख सचिव को यहां दिल्ली रोड पर स्थित कॉसमास ग्रीन कॉलोनी के संबंध में शिकायती पत्र दिया था। विधायक ने अपने शिकायती पत्र के साथ ग्रामीण रोहताश का भी प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि इस कॉलोनी में अपराधी तत्वों का पैसा लग रहा है। कॉलोनी में जमीन नियम विरुद्ध बेची जा रही है, साथ ही कॉलोनी में रेलवे की भूमि, सार्वजनिक उपयोग की सरकारी भूमि और किसानों की भूमि जबरदस्ती सम्मिलित की गई है। इस शिकायत पर प्रमुख सचिव ने मंडलायुक्त को इसकी जांच कराने के आदेश दिए। जिस पर मंडलायुक्त ने शामली के उप जिलाधिकारी विशु राजा को इस प्रकरण की जांच सौंपी है। जिन्हें एक पखवाडे़ में जांच रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए है। उधर, कॉलोनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुशील कुमार ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी जांच की कोई जानकारी नहीं है।
- भाजपा विधायक मुकेश चौधरी ने कॉलोनी के संबंध में प्रमुख सचिव को शिकायत की थी। प्रमुख सचिव के आदेश पर शामली के एसडीएम विशु चौधरी को जांच सौंपी है। उन्हें राजस्व अभिलेखों एवं मौके पर जाकर बिंदुवार जांच कर आख्या देने के निर्देश दिए गए है।
- डॉ. लोकेश एम. मंडलायुक्त, सहारनपुर।