सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की तिथि बढ़ाकर दस सितंबर की है, लेकिन इसके बावजूद पंजीकरण में गति नहीं आई है। अपेक्षा के अनुरूप पंजीकरण नहीं हो रहे हैं।
विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. नरेश कुमार मलिक ने बताया कि महाविद्यालयों/संस्थानों में संचालित परास्नातक पाठ्यक्रमों के साथ ही एमएड, एलएलएम, बीपीएड और एमपीएड में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। प्रक्रिया 17 अगस्त से चल रही है, जिसकी अंतिम तिथि 31 अगस्त तय की गई थी। लेकिन स्नातक स्तर के परीक्षा परिणाम देरी से जारी किए गए। इसकी वजह से तय सीटों के सापेक्ष पंजीकरण कम हुए हैं। कुलपति प्रो. एचएस सिंह के आदेश पर पंजीकरण की तिथि 10 सितंबर तक बढ़ाई गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.msuniversity.ac.in पर दिए गए लिंक पर जाकर आवेदन करा सकते हैं। अभ्यर्थी दस सितंबर के बाद तिथि बढ़ने की उम्मीद ना करें और इसे ही अंतिम तिथि मानते हुए आवेदन कर लें। आवेदन कराने के बाद अभ्यर्थी को पंजीकरण का प्रिंटआउट या फोटो काॅपी जरूरी पत्राजात के साथ पाठ्यक्रम से संबंधित महाविद्यालय या संस्थान में पंजीकरण कराना होगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी एक से अधिक पाठयक्रम या महाविद्यालय में पंजीकरण करा सकता है।