सहारनपुर। तहसील सदर में हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में 55 शिकायतें आईं। इनमें से राजस्व विभाग संबंधी तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। अन्य शिकायतों को त्वरित निस्तारण के निर्देश के साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपा गया।
शनिवार को तहसील सदर सभागार में हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित 19, पुलिस विभाग संबंधी नौ, विकास विभाग एवं विद्युत निगम से संबंधित छह-छह शिकायतें आईं। इसके अलावा जल निगम की तीन, नगर निगम की पांच और अन्य विभागों की सात शिकायतें भी आईं। राजस्व विभाग की तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। वहीं शेष शिकायतों को त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश के साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंप दिया गया। अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना दिवेदी ने की। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर युवराज सिंह, तहसीलदार सदर अमित कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी अभितेष कुमार, नायब तहसीलदार पंकज, भूपेंद्र, नितिन आदि मौजूद रहे।
चकमार्ग पर कब्जे से लेकर अवैध खनन तक की शिकायत
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न प्रकार की शिकायतें आईं। ग्राम सादुल्लापुर खुर्द झरोली अहतमाल के कीरतपाल सिंह ने आरोप लगाया कि खनन माफिया दोनों गांवोें की सीमा पर अवैध खनन कर रहे हैं। दया गॉर्डन निवासी मुरसलीन ने सफाई नहीं होने, टूटी सड़कें और नालियों की मरम्मत नहीं करने की शिकायत की। ग्राम भाऊपुर के मंसूर ने चकमार्ग पर अवैध कब्जा होने की शिकायत की।