टोडरपुर पुलिस चौकी में खड़ा पशु चोरों का वाहन
- फोटो : SAHARANPUR
घिरने पर अपनी गाड़ी छोड़ ग्रामीण की बाइक लेकर भागे पशु चोर
साढौली कदीम (सहारनपुर)। बृहस्पतिवार रात चोरों ने गांव तिडफुआ से किसान की पशुशाला से एक भैंस चोरी कर ली। जाग होने के बाद ग्रामीणों ने चोरों की घेराबंदी की तो वे दौलतपुर गांव के जंगल में अपनी गाड़ी छोड़कर एक ग्रामीण की बाइक लेकर भाग खड़े हुए।
थाना चिलकाना के गांव तिडफुआ में बीती रात चोरों ने मुन्नवर पुत्र शहीद की भैंस को पशुशाला से चोरी कर लिया। अन्य पशुओं के शोर को सुनने पर उसकी नींद खुल गयी तो उसने देखा कि पशुशाला से भैंस गायब है। मुन्नवर अपने पड़ोसी काला पुत्र साकिब की मोटरसाइकिल से भैंस की तलाश करने निकल पड़ा। थाना चिलकाना के गांव दौलतपुर के जंगल में मुन्नवर ने कुछ लोगों को एक पिकअप गाड़ी में भैंस लादते देखा तो उसने शोर मचा दिया। इस पर चोर उन दोनों से हाथापाई करने लगे। शोर सुनकर आस पास के ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख चार काला की स्पलेंडर मोटर साइकिल संख्या यूपी 11क्यू 3109 को लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने यूपी 100 और टोडरपुर पुलिस चौकी को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी नरेश पाल सिंह ने पिकअप गाड़ी को कब्जे में लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी। चौकी प्रभारी नरेशपाल सिंह ने बताया कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।