सहारनपुर में राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने समेत अनेक मांगों को लेकर आंदोलन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
डीएम ने महिलाओं की बात को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ। आंगनबाड़ियों ने मांग नहीं माने जाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ करीब 20 दिन से आंदोलन कर रहा है। सोमवार को भी सैकड़ों आंगनबाड़ी कर्मचारी हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान पर जमा हुई। यहां धरना देने के बाद सभी जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट की ओर बढ़ी।
दोपहर करीब दो बजे कलक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने डीएम शफक्कत कमाल का घेराव किया। कुछ महिलाएं डीएम की गाड़ी के सामने अड़ गईं। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
डीएम ने भी उनकी मांग को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष सुलेलता पंवार ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है।
जब तक उनकी मांग मान नहीं ली जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेेगा। महामंत्री पूनम शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की। इस दौरान नीलम, उषा, संतोष, सुनीता, सरिता आदि रही।