सहारनपुर। जिले में बकरीद हर्षोल्लास से मनाई गई। महानगर के ईदगाह शहर काजी नदीम अख्तर ने नमाज अदा कराई। उन्होंने अपनी तकरीर में कहा कि गुनाहों से तौबा करें। गरीब-मजलूमों की मदद करने वालों से अल्लाह खुश होते हैं। देश में खुशहाली व तरक्की की दुआ की। वहीं, कई मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई है। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। इसके बाद कुर्बानी की रस्म पूरी की गई।
अंबाला रोड स्थित ईदगाह में शहर काजी नदीम अख्तर ने नमाज के बाद कहा कि कुर्बानी के मायने खुदा को राजी करना है। हमें एक-दूसरे के काम आना चाहिए और दिखावे से बचना चाहिए। बेहतरीन इंसान वही है, जो किसी को तकलीफ न पहुंचाए। अल्लाह उस व्यक्ति को पसंद करते हैं, जो दूसरों के काम आता है। हमें दूसरों की खुशी का ध्यान रखना चाहिए। पुलिस ने अंबाला रोड पर जाम न लगे, इसके लिए कुछ देर के लिए वाहन रोके गए। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, नगरायुक्त संजय चौहान, अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने मौजूद रहे। चौक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद में इमाम कारी अरशद गोरा ने नमाज कराई।
उधर, देवबंद ईदगाह में आलिम मुफ्ती अफ्फान मंसूरपुरी, प्रसिद्ध रशीदिया मस्जिद में दारुल उलूम के वरिष्ठ उस्ताद मौलाना सलमान, मरकजी जामा मस्जिद में कारी वासिफ, दारुल उलूम वक्फ की अतियाबुल मस्जिद में मौलाना मुफ्ती अहसान कासमी ने नमाज अदा कराई।
वहीं, बेहट ईदगाह में शाही जामा मस्जिद के इमाम मौलाना राशिद जमाल कासमी, मदरसा कसरुल उलूम में काजी मोहम्मद साजिद कुरैशी, मोहल्ला मनिहारान स्थित मस्जिद में मुफ्ती तकीउल्ला, बस स्टैंड स्थित मस्जिद में मुफ्ती आमिर नमाज कराई। अंबेहटा के मौलवी इकराम ने नमाज कराई। नकुड़ के नसरुल्लागढ़ ईदगाह में मौलाना मुनव्वर हुसैन, चिलकाना में मौलाना मुआवज, सुल्तानपुर में ईदगाह में कारी फरमान, सरसावा की जामा मस्जिद में इमाम मौलाना मेहताब अनवर, रामपुर मनिहारान में शहर काजी फारुकी ने नमाज कराई। एसडीएम सुरेंद्र कुमार, ईओ सविता वर्मा मौजूद रहे। इसी तरह नानौता और गागलहेड़ी क्षेत्र की सभी मस्जिदों में नमाज अदा कराई।
सजधज कर पहुंचे बच्चे, एक-दूसरे के घर जाकर दी मुबारकबाद
ईदगाह में छोटे-छोटे बच्चे परिजनाें के साथ नए परिधान पहनकर पहुंचे। इसके साथ ही नमाज अदा की। युवाओं ने सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर बकरीद की मुबारकबाद दी। पर्व को लेकर उत्साह नजर आया। मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर बधाई दी।