नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग, जलकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने स्वास्थ्य विभाग, जलकल विभाग और निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेते हुए उनको महानगर के सभी सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों को 29 मार्च तक दुरुस्त करने को कहा है। उन्होंने शौचालयों की साफ-सफाई, मरम्मत, बिजली और पानी की आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए है।
नगरायुक्त ने अधिकारियों को बताया कि शुक्रवार से सात दिवसीय शौचालयों का कायाकल्प और जीर्णोद्धार अभियान चलेगा। महानगर में स्थित सभी सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों और मूत्रालयों में किसी भी स्तर पर कमी ना रहने पाए। वहां जो भी निर्माण संबंधी, पानी की आपूर्ति संबंधी या बिजली संबंधी समस्याएं हैं उनको तुरंत दूर किया जाए।
उन्होंने कहा कि नवरात्र व रमजान माह चल रहा है। ऐसे में मंदिरों और मस्जिदों के आसपास क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था में लापरवाही ना बरती जाए। बैठक में अपर नगरायुक्त एसके तिवारी, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, अधिशासी अभियंता निर्माण आलोक श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता जलकल सुशील सिंघल, सहायक अभियंता दानिश नकवी, जेई अनूप सिंह, हरिओम, मुख्य सफाई निरीक्षक चंद्रपाल व इंद्रपाल आदि मौजूद रहे।