धोखाधड़ी कर एक व्यक्ति ने अपने यहां खेत में बोरिंग करने आए मजदूर के खाते से उसके एटीएम का इस्तेमाल करके 80 हजार रुपये की रकम निकाल ली। तहरीर दिए जाने के बावजूद कार्रवाई न होने से आहत पीड़ित ने पुलिस रवैये के खिलाफ 26 जनवरी को डीएम कार्यालय पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
थाना नकुड़ के गांव साल्हापुर निवासी विनोद पुत्र नाथी राम रामपुर मनिहारान थाने के गांव मनानी में एक किसान के खेत पर एक जनवरी को बोरिंग करने गया था। काम करते समय उसकी जेब से उसका एटीएम कार्ड गिर गया था।
आरोप है इसे खेत मालिक ने उठा लिया। पीड़ित विनोद ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके एटीएम कार्ड का कोड उसके मोबाइल में फीड था, जिसे खेत मालिक ने उससे फोन मांग कर पढ़ लिया और खाते से 80 हजार रुपये निकाल लिए।
आरोप है कि नामजद तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उसने चेतावनी दी कि यदि उसकी रकम वापस नहीं दिलवाई गई तो वह 26 जनवरी को जिलाधिकारी सहारनपुर के कार्यालय पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्मदाह कर लेगा। उधर, एसओ रामपुर मनिहारान आरएन यादव ने बताया कि जांच में सामने आया है कि विनोद के एटीएम से शापिंग हुई है। जांच चल रही है।