सहारनपुर। जम्मू-कश्मीर से पकड़ा गया हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी हुसैन एक समय में संगठन का सक्रिय सदस्य था, जो मुरादाबाद में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना चाहता था, जिस समय पुलिस ने उसे पकड़ा तब उसके पास से एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार और 29 किलो विस्फोटक पदार्थ समेत अन्य सामान बरामद हुआ था। जांच में आया था कि यह सामान वह पाकिस्तान से लेकर आया था। हालांकि समय रहते उस पर शिकंजा कसा गया था, जिस कारण वारदात को अंजाम नहीं दे सका था।
एटीएस के अनुसार, आतंकी उल्फत हुसैन नाम बदलने में माहिर था। वह कभी अपना नाम उल्फत हुसैन तो कभी मोहम्मद सैफुल इस्लाम उर्फ अफजाल उर्फ परवेज उर्फ हुसैन मलिक रखता था। 2006 में जमानत पर छूटने के बाद से उसका कोई अता-पता नहीं था। तभी से मुरादाबाद पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई थी। आतंकी हुसैन के पिता अताउल्ला पुंछ जिले के गांव फजलाबाद के पूर्व सरपंच रह चुके हैं, जबकि मौजूदा समय में हुसैन भी समाज सुधारक बना हुआ था। वह संपन्न परिवार से संबंध रखता है, लेकिन एक समय में हिजबुल मुजाहिदीन का सक्रिय सदस्य रहा है। हालांकि पिछले कुछ साल से उसकी कोई ऐसी गतिविधियां सामने नहीं आई है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वह अब भी संगठन के संपर्क में है या फिर नहीं।