नागल। गांव जोला डिडौली निवासी अजय सैनी (17) का शव मिलने के दस दिन बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। परिजन जहां अजय की हत्या होने की अपनी बात पर अड़े हैं, वहीं पुलिस नामजद युवकों से कई दौर की पूछताछ में भी कुछ नहीं उगलवा सकी है।
बता दें, कि 26 अप्रैल को अजय सैनी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर शाम ग्रामीणों ने उसे थाना बड़गांव क्षेत्र के महेशपुर निवासी एक युवक के साथ बाइक पर जाते हुए देखा था। इसके तीन दिन बाद उसका शव काली नदी के पास एक गड्ढे में पड़ा मिला था। एक आंख भी निकली हुई थी और उसके बाल भी कटे हुए थे। हत्या के बाद मृतक के पिता सागर सैनी ने चार युवकों को नामजद कराते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस नामजद युवकों से कई बार पूछताछ कर चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई साक्ष्य ऐसा नहीं मिल सका, जिससे साबित हो कि अजय की हत्या की गई थी। अब थाना पुलिस हादसे की थ्योरी पर काम कर रही है। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। सीओ देवबंद अभितेष सिंह ने बताया पुलिस हर पहलू को ध्यान में रख जांच कर रही है, जल्द मामले का खुलासा होगा।