देवबंद(सहारनपुर)। जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष व पूर्व राज्यसभा सदस्य मौलाना महमूद मदनी ने अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे पर गहरा शोक और संवेदना प्रकट की है। मदनी ने कहा यह हादसा केवल प्रभावित परिवारों का नहीं है, बल्कि हर संवेदनशील इंसान के दिल को झकझोर देने वाला है।
मौलाना महमूद मदनी ने जारी बयान में कहा कि जो जिंदगियां अचानक इस हादसे की भेंट चढ़ गईं, उनके परिजन कभी कल्पना नहीं कर सकते थे कि यह विदाई अंतिम साबित होगी। मौलाना मदनी ने दिवंगतों के परिजनों के लिए सब्र और हिम्मत की दुआ की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने भारत सरकार और संबंधित एजेंसियों से अपील की कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए। मदनी ने कहा कि जमीयत की इकाइयों को निर्देश दिया गया है कि वह प्रभावित परिवारों से संपर्क करें और उनके दुख में भागीदार बनकर उनको हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराएं।
-
हादसे पर जताया दुख
देवबंद। श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे को बयां करने के लिए शब्द नहीं है। यह विमान हादसा दुख का पहाड़ है जो न जाने कितने परिवारों पर टूटा है। किसी ने पिता खोया, बेटा और बेटी खोए तो किसी का पूरा परिवार ही खत्म हो गया।