नोट: नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद एडिशन के लिए भी ध्यानार्थ
-
- डॉ़ आंबेडकर स्टेडियम में भर्ती रैली का आयोजन होगा
- 13 जनपदों के युवा ले सकेंगे भाग, प्रतिदिन एक हजार अभ्यर्थी आएंगे
- तैयारियों को लेकर सेना के अधिकारियों ने डीएम के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जनपद में आठ से 26 अगस्त तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन होगा। भर्ती रैली डॉ. आंबेडकर स्टेडियम में होगी, जिसमें प्रदेश के 13 जनपदों के अभ्यर्थी भाग लेंगे।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में अग्निवीर भर्ती की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों, सेना के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जनपद रामपुर, मुरादाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, गाजियाबाद, बिजनौर, बागपत, मेरठ, अमरोहा, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, शामली और सहारनपुर के अभ्यर्थी भाग लेंगे।
सेना के भर्ती अधिकारी कर्नल सोमेश जासवाल ने अधिकारियों को भर्ती से संबंधित व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन एक हजार अभ्यर्थी जनपद में आएंगे। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने सभी विभागीय अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल, साफ-सफाई, बेरीकेडिंग, लाइट, मोबाइल शौचालय, एम्बुलेंस आदि की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन करने, अग्निशमन विभाग को रैली स्थल पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाए।
इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, पुलिस अधीक्षक यातायात सिद्धार्थ वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट गजेन्द्र कुमार, डीआईओएस योगराज सिंह आदि मौजूद रहे।