देवबंद। जनपद शामली के कैराना निवासी युवक शुक्रवार को परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचा। उसने पुलिस को तहरीर देकर देवबंद निवासी साली और साढू पर पत्नी को बंधक बनाने का आरोप लगाया है। तहरीर में बताया कि अगस्त माह में उसने कस्बा बुढ़ाना निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। 18 अक्तूबर को पत्नी ने मायके जाने की इच्छा जताई। इसके चलते उसने उसे बुढ़ाना छुड़वा दिया। आरोप है कि उसके बाद वह वापस नहीं लौटी। कई दिन बाद पत्नी ने फोन कर उससे मदद की गुहार लगाई। जानकारी करने पर पता चला कि देवबंद के मोहल्ला पठानपुरा निवासी साली और साढ़ू ने पत्नी को बंधक बनाया हुआ है। इतना ही नहीं अब वह फोन कर उस पर तलाक देने का भी दबाव बना रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।