दो माह बाद भी नहीं सुलझी गुत्थी
एडीजी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर दिए थे खुलासे के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़गांव। गंगा की लिंक नहर में मिली सिर कटी लाश आखिर किसकी थी। यह पुलिस दो माह बाद भी पता नहीं कर पाई है। लाश मिलने के बाद एडीजी मेरठ जोन तक ने मौके का निरीक्षण कर खुलासे के दिशा निर्देश पुलिस को दिए थे।
बीते 17 फरवरी को थाना क्षेत्र के शिमलाना सिसौनी पुल के पास गंगा की लिंक नहर में सिर कटी और अर्धनग्न हालत में मिले 33 वर्षीय अज्ञात महिला के शव की गुत्थी अभी सुलझ नहीं पाई है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला छह माह की गर्भवती पाई गई थी। शव की हालत को देखने से उस समय प्रतीत होता था कि हत्यारों ने पांच-छह दिन पहले महिला की हत्या कर शव को गंगा की लिंक नहर के पानी में फेंका होगा। शव की पहचान को छिपाने के लिए उसके सिर को धड़ से अलग कर रखा था और धड़ को बीस किलोग्राम के बांट से बांधा हुआ था ताकि वह पानी में सतह पर ना आ जाए।
शव को बरामद हुए दो माह का समय बीत चुका है। अभी तक भी महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जबकि शव मिलने के बाद एसएसपी से लेकर अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन ने भी मौके पर पहुंच स्थलीय निरीक्षण करते हुए घटना का शीघ्र खुलासा करने संबंधित निर्देश बड़गांव पुलिस को दिए थे। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में गुमशुदा महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। संभवतः जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।