-सुबह पानी नहीं मिलने से लोग अपने जरूरी काम तक नहीं निपटा सके, पीने के पानी तक को तरसे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगर विधायक राजीव गुंबर की कॉलोनी सहित आसपास की कॉलोनियों में 20 घंटे तक पानी की आपूर्ति ठप रही। बिना पानी के लोग अपने जरूरी काम नहीं कर पाए। पीने के पानी तक को लोग तरस गए। कई लोगों को बच्चों के लिए बोतल बंद पानी खरीदना पड़ा, जबकि कइयों ने पड़ोसियों के सबमर्सिबल से पानी लेकर अपनी प्यास बुझाई।
गर्मी के साथ ही महानगर में पेयजल की समस्या बढ़ती जा रही है। बीते एक महीने में करीब आधा दर्जन कॉलोनियों में पानी नहीं पहुंचने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। नया मामला गोविंदनगर, रामनगर और पठानपुरा का है, जहां शनिवार की रात नौ बजे अचानक से पानी चला गया। लोगों की छतों पर रखे टैंकर में जब तक पानी था लोगों ने इस्तेमाल किया, लेकिन रविवार की सुबह पानी नहीं होने के कारण लोगों के अनेक जरूरी कार्य प्रभावित हुए। लोग नहाने, कपड़े धुलने और भोजन तैयार करने तक से वंचित रह गए। स्थानीय लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों को फोन कर इसकी जानकारी दी। काफी इंतजार के बाद पानी का टैंकर भेजा गया, जिस पर से पानी लेने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। ऐसे में टैंकर का पानी नाकाफी साबित हुआ। जल कल विभाग के अवर अभियंता विनीत राणा ने बताया कि नलकूप की मोटर खराब होने के कारण आपूर्ति बाधित रही है, जो रविवार की शाम 5:30 बजे चालू करा दी गई।
-
करीब दो हजार परिवार हुए प्रभावित
पानी नहीं आने के कारण तीनों कॉलोनियों के करीब दो हजार परिवार प्रभावित हुए, जिनमें करीब दस हजार आबादी रहती है। मोहल्ला निवासी रमेश, बिन्नी, राजू, सन्नी आदि ने बताया कि उनके यहां अक्सर पानी की समस्या रहती है। कभी पेयजल की लाइन लीक हो जाती है कभी पाइप फट जाता है। गर्मी में कभी पानी नहीं आता है और यदि आता है तो उसका प्रेशर बेहद कम रहता है।