प्राचार्य के सामने रोते हुए समस्या बताती छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर जेवी जैन कालेज के प्राचार्य के सामने एलएलबी की छात्राएं रो पड़ी। उन्होंने इस बार परीक्षा में शामिल होने देने की गुहार लगाई। जबकि प्राचार्य ने इस मामले में अपने हाथ खड़े कर दिए कि वे इस मामले में कुछ नहीं कर सकते हैं।
‘सर! हम पर तरस खाओ। बस इस बार परीक्षा में शामिल होने दो।’ यह प्रार्थना आंखों में आंसू लिए हुए एलएलबी की छात्राएं शुक्रवार को जैन कॉलेज के प्राचार्य से करती नजर आईं। प्राचार्य ने साफ किया कि उनके हाथ में कुछ नहीं है। जांच टीम जांच कर रिपोर्ट यूनिवर्सिटी को सौंप चुकी है। यूनिवर्सिटी शनिवार तक अपना फैसला सुना देगी।
जेवी जैन प्रशासन ने एलएलबी के 104 विद्यार्थियों को कक्षाओं में उपस्थिति 75 फीसदी से कम होने की वजह से बाहर कर दिया है। इससे विधि विभाग के इन विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लट गया है। छात्र लगातार आंदोलन की राह पर हैं, जो धरने और प्रदर्शन तक कर चुके हैं। यूनिवर्सिटी ने मामले की जांच बैठाई है।
जांच टीम कॉलेज और विभाग का पक्ष लेने के साथ ही पीड़ित विद्यार्थियों से भी बात कर चुकी है। इसमें विद्यार्थियों का पक्ष अभी तक कमजोर ही रहा है। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट यूनिवर्सिटी को सौंपी हुई है, जिस पर अभी तक अंतिम निर्णय नहीं आया है।
इससे नाराज एलएलबी के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को फिर से प्राचार्य डॉ. पीके वार्ष्णेय से मुलाकात कर परीक्षाओं में शामिल कराने की मांग की। पूर्व विधायक शशी बाला पुंडीर भी एक बार फिर छात्रों के हित में कॉलेज पहुंची थी। मिलने वालों में नेहा, फरहा, समरीन, रजत शर्मा, विशेष प्रजापति, मोहित शर्मा, संजीव कुमार, वर्णिता आदि शामिल रहीं।