सहारनपुर। कोविड-19 के चलते 11 माह से सूने पड़े परिषदीय विद्यालयों में बुधवार को विद्यार्थियों के साथ रौनक लौट आई। हालांकि पहले दिन संख्या बेहद कम रही, मगर विद्यालयों का माहौल बदला नजर आया। विद्यालयों में कोविड-19 से बचाव के लिए जारी दिशा निर्देशों का भी पालन होता दिखा।
नुमाइश कैंप स्थित परिषदीय विद्यालय में पहले दिन नौ बच्चे पहुंचे। यहां कुछ शिक्षिकाएं बाहर बरामदे में बच्चों के साथ पढ़ाई को लेकर चर्चा करती नजर आईं। एक कक्षा में एक शिक्षिका पांच बच्चों को पढ़ाती मिली। शिक्षिकाओं ने बताया कि विद्यालय में प्रवेश के दौरान विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई है। इसके अलावा हाथ सैनिटाइज कराए गए हैं। बेरीबाग स्थित बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय में चार छात्राएं पहुंचीं। यहां शिक्षिकाएं छात्राओं को पढ़ाती मिलीं। उधर, देहात में छुटमलपुर के फतेहपुर भादो स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थी पहुंचे। प्रधानाध्यापिका सुरेखा बच्चों को पढ़ाती मिली। उन्होंने बताया कि बुधवार को केवल कक्षा आठ के विद्यार्थी बुलाए गए थे, मगर कक्षा सात के विद्यार्थी आए हैं।
------
पहले दिन पहुंचे तीनों कक्षाओं के छात्र
विद्यालयों में भीड़ की वजह से सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन न हो, ऐसे में बेसिक शिक्षा परिषद ने प्रत्येक कक्षा की पढ़ाई के लिए अलग दिन निर्धारित किया है। कक्षा छह के लिए सोमवार और बृहस्पतिवार, कक्षा सात के लिए मंगलवार और शुक्रवार तथा कक्षा आठ के लिए बुधवार और शनिवार का दिन तय किया गया है। मगर पहले दिन तीनों कक्षाओं के विद्यार्थी कक्षाओं में पहुंचे।
------
माध्यमिक विद्यालयों में भी चलीं जूनियर कक्षाएं
कक्षा छह से आठ तक के बच्चों के लिए विद्यालय खोलने के आदेश केवल परिषदीय विद्यालयों के लिए था, मगर देहात में कई माध्यमिक विद्यालयों में भी कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थी पहुंचे। तीतरों स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज में कक्षा छह में खासी उपस्थिति रही। कोरोना से बचाव के लिए अन्य उपाय भी किए गए। बड़गांव क्षेत्र के विद्यालयों में करीब 50 फीसदी विद्यार्थी उपस्थित हुए। महाराणा प्रताप स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नेत्रपाल सिंह चौहान ने बताया कि विद्यालय में छोटी कक्षाओं के छात्र छात्राओं की उपस्थिति बीस प्रतिशत रही है। आदर्श इंटर कॉलेज बड़गांव के प्रधानाचार्य कंवरपाल सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार विद्यालय को पहले ही सैनिटाइज करा दिया था। पहले दिन छोटी कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति कम ही रही। बिहारीगढ़ के गांव सुंदरपुर टांको स्थित इंटर कॉलेज में भी बुधवार को कक्षा आठ के 99 विद्यार्थी उपस्थित हुए। जय जनता विद्यालय दामोदराबाद बिहारीगढ़ में कक्षा आठ में 25 फीसदी ही उपस्थित रही।
---------------------------------------------------------
बेसिक शिक्षा निदेशक के आदेश के अनुपालन में कक्षा छह से आठ के लिए परिषदीय विद्यालय बुधवार से खोले गए हैं। पहले दिन उपस्थित विद्यार्थियों की संख्या कम रही है, मगर आगामी दिनों में शासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए और सोशल डिस्टेंसिंग को बनाए रखते हुए संख्या को बढ़ाने के निर्देश प्रधानाध्यापकों को दिए गए हैं।
रमेंद्र कुमार सिंह, बीएसए।