रामपुर मनिहारान। हापुड़ में अधिवक्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। अधिवक्ताओं ने हापुड़ के डीएम और एसपी को हटाने की मांग की ।
सोमवार को तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट विशाल सिंह व महासचिव कुलदीप सिंह पुंडीर के नेतृत्व में अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। जहां पर उन्होंने एसडीएम संगीता राघव को सौंपे ज्ञापन में हापुड़ के डीएम और एसपी का अविलंब स्थानांतरण करने, प्रदेश भर में अधिवक्ताओं के विरुद्ध पुलिस द्वारा दर्ज किए गए फर्जी मुकदमों को वापस लेने, एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट पारित कर तुरंत प्रदेश में लागू करने, पुलिस लाठीचार्ज में घायल अधिवक्ताओं को तुरंत मुआवजा दिलाने, अधिवक्ताओं ने बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के द्वारा लिए गए निर्णय के अनुक्रम में उपरोक्त मांगों को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग की। ज्ञापन देने वालो में अधिवक्ता जगपाल सिंह, राजबीर सिंह, विनोद पंवार, सतीश पुंडीर, मनोज पंवार, नकली राम, मेहरबान चौधरी, विश्वास पंवार, अनिल गुर्जर, यशपाल सिंह, ओमकुमार, रोहिताश, नरेश कुमार आदि मौजूद रहे।