संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। देवबंद-रुड़की रेलमार्ग पर पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की मांग जोर पकड़ने लगी है। अधिवक्ताओं ने भी रेलवे विभाग से जनहित में पैसेंजर ट्रेनों का बिना किसी देरी के संचालन शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जब नए रेलमार्ग पर पैसेंजर ट्रेन चलेगी तो रेलवे के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। बता दें, कि वर्तमान में देवबंद-रुड़की रेलमार्ग पर मालगाड़ियों के अलावा सिर्फ एक एक्सप्रेस ट्रेन नंदा देवी का संचालन हो रहा है, लेकिन इसका भी देवबंद के लोगों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है, क्योंकि एक्सप्रेस ट्रेन का देवबंद में कोई स्टापेज नहीं दिया गया।
- वरिष्ठ अधिवक्ता प्रमोद गुप्ता ने बताया कि करीब एक साल पूर्व रेलवे के उच्चाधिकारियों ने देवबंद-रुड़की रेलमार्ग पर स्पेशल ट्रेन चलाकर ट्रेनों का संचालन आरंभ करने को हरी झंडी दे दी थी। तब लोगों में उम्मीद जगी थी कि संभवत जल्द यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
- अधिवक्ता मोहनलाल कोरी ने बताया कि नये रेलमार्ग पर सरकार को जनहित में पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शीघ्र शुरू करा देना चाहिए। इससे रेलवे विभाग और जनता दोनों को लाभ पहुंचेगा।
- अधिवक्ता मनोज सिंघल ने बताया कि कोरोना काल से बंद पड़ी पैसेंजर ट्रेनों के अलावा रुड़की मार्ग पर पैसेंजर ट्रेन चलवाने के संबंध में दिल्ली मंडल के डीआरएम से मिले थे। डीआरएम ने आश्वासन भी दिया था, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
- अधिवक्ता अरविंद शर्मा ने बताया कि जब रेलवे के उच्चाधिकारी ट्रेन चलाने को हरी झंडी दे चुके हैं तो फिर पैसेंजर ट्रेन चलाने में क्या समस्या आ रही है। उन्होंने केंद्रीय रेलमंत्री से इस समस्या की तरफ ध्यान देते हुए शीघ्र पैसेंजर ट्रेनों का संचालन आरंभ कराने की मांग की है।