सहारनपुर। गाजियाबाद में अधिवक्ताओं पर किए लाठीचार्ज प्रकरण को लेकर आक्रोश कम नहीं हो रहा है। इसी के विरोध में बृहस्पतिवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे। ऐसे में वादी और प्रतिवादियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। अदालतों में चल रहे मुकदमों में तारीखें लगी हैं।
बता दें, कि हाईकोर्ट बेंच स्थापना संघर्ष समिति के अध्यक्ष रोहिताश अग्रवाल ने मंगलवार शाम हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया था। इसका पूरे प्रदेश में अधिवक्ताओं ने जबरदस्त विरोध किया। अधिवक्ताओं के विरोध के कारण हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति को बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहने का आह्वान करना पड़ा। इसके चलते सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन ने लाठीचार्ज के विरोध में हड़ताल रखी और धरना देकर कार्रवाई की मांग की। अध्यक्ष राजीव गुप्ता व महासचिव निशांत त्यागी ने कहा कि वकीलों के सम्मान में हम कोई भी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। इस दौरान राकेश कांबोज, राजेश भारद्वाज, देव कुमार, नितिन कुमार शर्मा, अमित चौधरी, सूर्य प्रकाश, नीरज तिवारी, चंद्रजीत सिंह निक्कू, प्रमोद कुमार, मुनव्वर आफताब, मनोज कुमार, सतीश चौधरी आदि मौजूद रहे।