सहारनपुर। कानपुर बार एसोसिएशन के आह्वान पर सहारनपुर के अधिवक्ता बुधवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहे। इस दौरान कार्य करने पर तीन अधिवक्ताओं की सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन से सदस्यता खत्म की है।
सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद शर्मा और महासचिव मुनव्वर आफताब ने बताया कि कानपुर जनपद न्यायाधीश का कानपुर बार एसोसिएशन द्वारा उनकी कार्यशैली से क्षुब्ध होकर 15 मार्च से बहिष्कार किया जा रहा हैं। जनपद कानपुर के सभी अधिवक्ता आंदोलनरत हैं। आंदोलन को गति देने के लिए कानपुर बार एसोसिएशन ने संपूर्ण प्रदेश के अधिवक्ताओं से 12 और 13 अप्रैल को न्यायिक कार्यों से विरत रहने का आह्वान किया था।
सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के सभागार में मंगलवार को हुई बैठक में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने मान सम्मान की इस लड़ाई में कानपुर बार एसोसिएशन का साथ देने का निर्णय लिया था। दोनों दिन न्यायिक कार्यों से विरत रहने का एक राय से निर्णय लिया था। बार एसोसिएशन के प्रस्ताव को सख्ती से लागू करने के लिए 13 सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। उन्होंने बताया कि बुधवार को पहले दिन बार एसोसिएशन के प्रस्ताव को न मानने के कारण सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन ने तीन सदस्यों की सदस्यता खत्म कर दी हैं। बृहस्पतिवार यानि आज भी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे।