सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल-हर घर जल योजना की समीक्षा की। उन्होंने एक्सईन जल निगम के पर्यवेक्षण कार्य में घोर लापरवाही एवं खराब कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि रोड रेस्टोरेशन के कार्य का सत्यापन सचिवों से कराया जाए तथा ग्राम प्रधान और सचिव के हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र लिया जाए। उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइप पेयजल योजना के तहत जिन स्थानों पर भूमि उपलब्ध नहीं है उनकी सूची तैयार कर भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई करें।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, उप जिलाधिकारी अंकुर वर्मा, संगीता राघव, मानवेन्द्र सिंह, एक्सईन योगेश कुमार, एई अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।