-मां शाकंभरी विश्वविद्यालय ने एलएलबी के दाखिलों के लिए जारी किए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुरर। एलएलबी (तीन एवं पांच वर्षीय) में केवल वहीं महाविद्यालय/निजी संस्थान दाखिले कर सकेंगे। जिनको बीसीआई (बार काउंसिल ऑफ इंडिया) से मान्यता मिली है। उक्त महाविद्यालयों और संस्थानों को इसके प्रमाण पत्र की एक कॉपी मां शाकंभरी विश्वविद्यालय में भी जमा करानी होगी।
महाविद्यालयों में संचालित एलएलबी में प्रवेश के लिए प्रक्रिया चल रही है। जो अभ्यर्थी दाखिले के लिए पंजीकरण नहीं करा सके थे उनके लिए विश्वविद्यालय ने 20 और 21 दिसंबर को वेबसाइट खोली थी। इन दो तिथियों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए पंजीकरण कराया है।
इसी दौरान विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. नरेश मलिक की ओर से एक और आदेश जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि एलएलबी में प्रवेश केवल उन्हीं महाविद्यालयों/संस्थानों में कराए जाएंगे, जिन्हें बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता है। उन्होंने संबंधित महाविद्यालयों को इसका प्रमाण पत्र भी विश्वविद्यालय में प्रस्तुत करने को कहा है। साथ ही उन्होंने 20 दिसंबर को एलएलबी में प्रवेश संबंधी जारी समय सारणी को भी अग्रिम आदेश तक निरस्त कर दिया है।