सहारनपुर। डेढ़ महीने पहले देवबंद पटाखा फैक्टरी में हुए ब्लास्ट मामले में जिला प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट एनजीटी को भेजी दी गई है। प्रशासन ने फैक्टरी का लाइसेंस निलंबित करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया है।
26 अप्रैल को थाना देवबंद क्षेत्र के निहालखेड़ी गांव स्थित पटाखा फैक्टरी में विस्फोट हुआ था। फैक्टरी में काम करने वाले तीन लोगों की मौत हुई थी, जिनकी पहचान राहुल उर्फ काका, विशाल और विकास के रूप में हुई थी। गुस्साए ग्रामीणों ने सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर जाम लगाया था।
आग पर दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने काबू पाया था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एक कमेटी गठित की थी। इसमें एडीएम प्रशासन सहित अन्य कई अधिकारी शामिल थे। जिला प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर एनजीटी ने रिपोर्ट मांगी थी।
प्रशासन ने रिपोर्ट बनाकर एनजीटी को भेज दी है। बताया गया कि फैक्टरी का लाइसेंस को निलंबित किया गया है। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिया। उधर, जिलाधिकारी मनीष बंसल का कहना है कि हर बिंदु पर जांच कर रिपोर्ट एनजीटी को भेज दी गई है।