हिंडन नदी के पुल पर लगे जाम में फंसे वाहन
- फोटो : SAHARANPUR
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। हिंडन नदी पुल पर ट्रैक्टर ट्राली का एक्सल टूटने के बाद जल्दी निकलने की होड़ में वाहनों के आमने सामने आने से पुल पर आवागमन अवरुद्ध हो गया। इसके बाद हाईवे पर जाम लग गया जिसमें चार एंबुलेंस सहित एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल की गाड़ी भी फंस गई। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने खासी मशक्कत के बाद वन वे ट्रैफिक करा एडीजी की गाडी और एंबुलेंसों को निकाला, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे सहारनपुर देहरादून हाईवे पर हिंडन नदी पुल पर लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर ट्राली का एक्सल टूट गया। इसके बाद पुल पर जाम लगना शुरू हो गया। जाम लगता देख ट्रैक्टर ट्राली चालक मौके से भाग खड़ा हुआ। देखते ही देखते हाईवे पर दोनो तरफ कई किलोमीटर लम्बा जाम लग गया। इसी दौरान देहरादून की ओर से आ रहे एडीजी राजीव सभरवाल की गाड़ी और चार एंबुलेंस भी जाम में आधा घंटा तक फंसी रही। वाहनों का जाम नो गजा पीर से लेकर चमारीखेड़ा टोल तक पहुंच गया। इस दौरान कुछ वाहनों ने दूसरी साइड से अपने वाहनों को निकालना चाहा जिससे आमने सामने वाहनों के आने से जाम की स्थिति विकट हो गई।
थाना पुलिस को एडीजी राजीव सभरवाल की गाड़ी के जाम में फंसे होने की सूचना मिली तो पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में मौके पर पहुंची ने जाम को खुलवाने के लिए खासी मशक्कत की।