-मिलेगी प्रोत्साहन राशि, 18 से 30 अक्तूबर तक चलेंगी विशेष प्रोत्साहन योजना
-सहारनपुर से देहरादून-दिल्ली मार्ग पर रहेगा अधिक फोकस, नहीं होगी दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। दीपावली पर्व के लिए परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 18 से 30 अक्तूबर तक 13 दिनों के लिए सहारनपुर परिक्षेत्र की 797 बसें विभिन्न मार्गों पर दौड़ेंगी। बसें आरक्षित भी रहेंगी। चालक-परिचालकों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। ड्यूटी पर विशेष प्रोत्साहन योजना के तहत लाभ मिलेगा।
परिवहन परिक्षेत्र में सहारनपुर, छुटमलपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली, शामली और गंगोह डिपो हैं। इनमें 653 निगम और 144 अनुबंधित बसों का बेड़ा हैं। 20 अक्तूबर की दीपवाली है। 18 अक्तूबर से दीपावली विशेष प्रोत्साहन योजना लागू हो जाएगी, जो 30 अक्तूबर तक रहेगी। चालक-परिचालक प्रतिदिन निर्धारित 300 किलोमीटर की दूरी अर्जित करेंगे, उन्हें 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 13 दिन के 5850 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। निर्धारित किलोमीटर से अधिक चलने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर हिसाब से रुपये मिलेंगे। कार्यशाला कर्मियों को भी प्रोत्साहन राशि की घोषणा की गई है।
दीपावली को लेकर शुक्रवार से भीड़ बढ़ने का अनुमान है। सबसे ज्यादा भीड़ त्योहार से एक से दो दिन पहले रहेगी। त्योहार निपटने के बाद वापसी का सिलसिला शुरू होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। दिल्ली, लखनऊ, मेरठ, देहरादून सहित अन्य शहरों में काम करने वाले लोगों को जिले में आने के बाद स्थानीय मार्गों पर बसों की कमी का सामना न करना पड़े, इसको लेकर सहारनपुर से देहरादून, दिल्ली, बागपत, शामली, अंबाला आदि मार्गों की बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।
वर्जन
दीपावली विशेष प्रोत्साहन योजना 18 अक्तूबर से लागू होगी। इसके तहत ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालकों और कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि मिलेगी। किसी भी मार्ग पर यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
योगेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम