-रिपोर्ट मिलने के बाद दो संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य करेंगे जांच
-किस स्तर पर हुई लापरवाही, टीम हर बिंदुओं पर करेंगी जांच पड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल से चोरी हुए बच्चे के मामले का अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ने संज्ञान लिया है। उन्होंने महिला सीएमएस से रिपोर्ट तलब की है। इसके बाद दो संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य पूरे मामले की जांच करेंगे कि लापरवाही किस स्तर पर हुई है।
एक दिन पूर्व जिला महिला अस्पताल के वार्ड से एक महिला ने बच्चा चोरी कर लिया था। इसके बाद महिला अस्पताल में खलबली मच गई थी। अस्पताल प्रबंधन ने स्टाफ से पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं लगा था। यहीं नहीं आरोपी महिला अस्पताल के सीसीटीवी में भी कैद हुई।
अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. ज्योत्सना वत्स ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बच्चा चोरी होने की रिपोर्ट को महिला सीएमएस डॉ. इंद्रा सिंह से तलब कर ली है। रिपोर्ट आने के बाद एडी हेल्थ पूरे प्रकरण की जांच के लिए दो संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य की एक टीम गठित करेंगी। गठित टीम अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच करेंगी। रिपोर्ट के आधार पर महिला अस्पताल के स्टाफ पर कार्रवाई तय होगी।
सीएमएस ने चिकित्सक सहित स्टाफ से मांगा स्पष्टीकरण
जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. इंद्रा सिंह ने बच्चा चोरी के समय ड्यूटीरत चिकित्सक सहित स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा है। चिकित्सक, स्टाफ नर्स, चौकीदार, गार्ड ने लिखित स्पष्टीकरण बनाकर सौंप भी दिया। स्पष्टीकरण के आधार पर ही बच्चा चोरी प्रकरण की रिपोर्ट बनाई जा रही है।
वर्जन
महिला अस्पताल से बच्चा चोरी होने का मामला बेहद गंभीर है। इस प्रकरण में महिला अस्पताल की सीएमएस से रिपोर्ट मांगी है। इसके बाद पूरे प्रकरण की दो संयुक्त निदेशक जांच करेंगे। हर बिंदुओं पर जांच कराई जाएगी, ताकि पता लग सके कि लापरवाही कहां पर हुई है।
- डॉ. ज्योत्सना वत्स, एडी हेल्थ