सहारनपुर। जिला अस्पताल परिसर के आवासों में रहने वाले 73 कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के यह कर्मचारी ऐसे हैं, जिनके जहां बिजली कनेक्शन नहीं है और लंबे अरसे से घरों में एसी लगाए हुए हैं। जिसका बिल अस्पताल प्रबंधन को भुगताना पड़ता है। 30 जून तक कनेक्शन नहीं लेने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ऐसे पकड़ में आया मामला
पिछले महीने एसबीडी जिला अस्पताल के बिजली फीडर में लोड बढ़ने से आग लग गई थी। इसके बाद विद्युत निगम ने फीडर की जांच की और पता चला था कि लोड अधिक बढ़ रहा है। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद एडी हेल्थ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला अस्पताल प्रमुख अधीक्षक और महिला अस्पताल सीएमएस को पत्र जारी किया। जिसमें कहा गया कि वह अपने-अपने यहां के आवंटित आवासों में रहने वाले उन कर्मचारियों पर कार्रवाई करें, जिन्होंने बिजली कनेक्शन नहीं लिया है।
जिला अस्पताल में सबसे अधिक 38 को नोटिस
अब सीएमओ की तरफ से 30, एसबीडी जिला अस्पताल की तरफ से 38 और महिला अस्पताल ने पांच कर्मचारियों को नोटिस भेजे। नोटिस जारी होने के बाद खलबली मच गई। क्योंकि कर्मचारियों ने बिजली मीटर लगवा ही नहीं रखा है। बगैर कनेक्शन के ही अस्पताल की बिजली फुंक रहे हैं। इन्हें 30 जून तक कनेक्शन लेने का समय दिया गया।
- दूसरे जिले में नौकरी, परिवार यहीं रह रहा
कई स्वास्थ्य कर्मचारी ऐसे हैं, जिनका स्थानांतरण दूसरे जिलों में हो गया था, लेकिन उनका परिवार अस्पताल परिसर के आवासों में रह रहा है। जिनकी तैनाती जिले में हैं, वह किराये के मकान पर रह रहे। कई बार अधिकारियों ने प्रयास किए, लेकिन आवास खाली नहीं हुए। नेहरू मार्केट स्थित पुराना अस्पताल परिसर के आवासों में रहने वाले कर्मचारियों को भी नोटिस दिए हैं।
- वर्जन : बिजली कनेक्शन लेने के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। 30 जून तक कनेक्शन लेकर मीटर लगवाने का समय दिया है। यदि उसके बाद भी कनेक्शन नहीं लिया जाता है तो आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। - डॉ. संजीव मांगलिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी