सहारनपुर। दभेड़ा गांव के पास खेत में मिली दवाइयों की सूची के साथ एसीएमओ ने जनपदीय ड्रग वेयर हाउस को पत्र लिख दिया है। स्वास्थ्य केंद्र पर तैनाम एएनएम के बृहस्पतिवार को बयान होंगे।
23 अक्तूबर को चिलकाना के दभेड़ा गांव से कुछ दूर खेत में सरकारी दवाइयां खेत में दबी मिली थी। इस मामले में आए दिन नई बात सामने आ रही है। अब तक की जांच में अधिकांश दवाइयां एक्सपायर मिली है। इसके साथ ही स्वास्थ्य उपकेंद्र के स्टॉक रजिस्टर में भी दवाइयों का रिकॉर्ड नहीं है। दवाइयां जनपदीय ड्रग वेयर हाउस से आवंटित हुई है लेकिन अभी तक यह पता नहीं चला है कि यह दवाइयां सरसावा सीएचसी के कौन से उपकेंद्र पर गई। इस मामले की जांच कर रहे एसीएमओ डॉ. धर्मवीर सिंह ने ड्रग वेयर हाउस को पत्र लिखा है। खेत में मिली दवाइयों की सूची भी दी गई है। एसीएमओ डॉ. धर्मवीर सिंह का कहना है कि इस प्रकरण में एएनएम के भी बयान होने हैं, जिन्हें बृहस्पतिवार को बुलाया गया है। ड्रग वेयर हाउस से ही पता लगेगा कि दवाइयां कहां गई है।