सहारनपुर। नगीना सांसद और आसपा प्रमुख चंद्रशेखर पर हुए हमले के मामले में आरोपियों ने अपने दो अधिवक्ता बदल दिए। नए अधिवक्ता ने अदालत से बहस के लिए समय मांगा, जिस पर न्यायालय ने सुनवाई के लिए आठ अक्तूबर की तारीख दी है। मामला अपर सत्र न्यायाधीश एससीएसटी कक्ष संख्या दो की अदालत में विचाराधीन है। सांसद चंद्रशेखर पर देवबंद में हुए हमले में उनके प्रतिनिधि काशी मौर्य की गवाही मंगलवार को पूरी हो गई। काशी मौर्य ने ही चंद्रशेखर पर हुए हमले के दौरान एसएसपी को आरोपियों की कार का नंबर मैसेज किया था। इस मामले में सांसद चंद्रशेखर की गवाही भी जल्दी होनी है।
- यह है प्रकरण
पिछले वर्ष 29 जून को देवबंद में यूनियन तिराहे पर कार में आए युवकों ने चंद्रशेखर की गाड़ी पर फायरिंग की थी। एक गोली चंद्रशेखर को पेट को छूकर निकली थी। चंद्रशेखर और उनके साथी डॉ. ब्रजपाल घायल हुए थे। पुलिस ने आरोपी विकास उर्फ विक्की, प्रशांत, लविश, निवासी गांव रणखंड़ी देवबंद और विकास निवासी गौंदर थाना निसिंग जिला करनाल हरियाणा को गिरफ्तार किया था।