देवबंद। बीबीपुर गांव की अनुसूचित समाज की फिजियोथेरेपिस्ट रवीना (23) ने परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर खुदकुशी की थी। पुलिस की ओर से बताया गया कि डांट से नाराज होकर युवती घर से चली गई थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
बता दें, कि 24 जनवरी को रवीना का शव घर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित चेतनपुरी गांव के खेतों में जामुन के पेड़ से लटका मिला था। परिजनों ने मामले में दो युवकों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।
मौके पर पहुंची डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम समेत पुलिस ने घटनास्थल पर बारीकी से जांच की थी। 25 जनवरी को आई रवीना की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया था। जिसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों और परिजनों से सख्ती से पूछताछ की थी। साथ ही रवीना की सीडीआर (कॉल डिटेल) निकलवाई थी।
शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़ी सभी कड़ियों को जोड़ने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि रवीना परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर घर से चली गई थी और उसके बाद उसने खुदकुशी की। रवीना फिजियोथेरेपिस्ट का कोर्स किया था और वह नगर के रेलवे रोड स्थित एक चिकित्सक के यहां प्रैक्टिस कर रही थी।