गंगोह। भैया दूज देकर घर वापस लौट रहे बाइक सवार दो भाइयों की ट्रैक्टर-ट्राॅली से टक्कर हो गई। दुर्घटना में से एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर को छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। इनके अलावा भी अन्य एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल हुआ है।
उत्तराखंड के भगवानपुर थाना क्षेत्र के गांव ईमलीखेडा निवासी शैंकी (30) अपने ममेरे भाई सहारनपुर के हसनपुर चुंगी निवासी वर्णिश (25) के साथ नगर के मोहल्ला टांकान में अपनी बहन के यहां भैया दूज लेकर आया था। देर शाम दोनों घर लौट रहे थे। जैसे ही ये गंगोह-अंबेहटा मार्ग स्थित गांव बीराखेड़ी के पास पहुंचे तो ट्रैक्टर-ट्रॉली से इनकी बाइक की टक्कर हो गई। सड़क पर गिरकर दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में शैंकी ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। शैंकी की फरवरी 2023 में शादी हुई थी। इनके अलावा गांव बंदाहेडी निवासी वेदपाल भी सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उधर, कोतवाली प्रभारी अविनाश गौतम का कहना है कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।