संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई में कुल आठ शिकायतें आईं, जिनमें से मात्र एक का तुरंत निस्तारण किया जा सका। बाकी के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
नगर आयुक्त शिपू गिरि ने सफाई संबंधी समस्याओं पर ध्यान देकर उनके निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्ड 15 शारदा नगर निवासी प्रदीप सेठी के प्रार्थना पत्र पर संबंधित सफाई निरीक्षक व सफाई मित्र को भेजकर तत्काल नाली की सफाई कराते हुए समस्या का समाधान कराया।
इसके अलावा वार्ड-13 चकहरेटी निवासी हिमांशु यादव, वार्ड 28 जनकनगर निवासी बीआर मृत्युंजय, वार्ड-32 खानआलमपुरा निवासी इनाम अंसारी व वार्ड छह के बालपुर निवासी प्रमोद सैनी ने भी सफाई कराने और एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। नगर आयुक्त ने संबंधित सफाई निरीक्षकों को स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई कराते हुए समस्याओं का समाधान कराने को कहा।
इसके अलावा वार्ड-46 निवासी संजीव कुमार ने श्री भूतेश्वर मंदिर रोड पर सीवर का ढक्कन ठीक कराने, वार्ड-31 मानकमऊ निवासी जंग बहादुर ने म्हाड़ी पर वाटर कूलर का पाइप ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त प्रदीप यादव, मृत्युंजय व सहायक नगरायुक्त जेपी यादव आदि रहे।