सहारनपुर। डिस्कस थ्रो खिलाड़ी यश प्रताप सिंह पुंडीर को गोली मारने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीमों ने सहारनपुर शहर और आरोपियों के गांव से लेकर देहरादून तक दबिश दी। टीम ने संभावित स्थानों पर आरोपियों को तलाश किया। छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की। लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सके। हालांकि पुलिस ने अज्ञात में दर्ज आरोपियों को चिह्नित कर लिए जाने का दावा किया है।
एथलीट यश प्रताप सिंह पुंडीर को गोली मारकर फरार हुए हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमों ने ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस ने शहर के विभिन्न संभावित स्थानों के अलावा देहरादून रोड पर संपर्क मार्गों से जुड़े गांवों में, आरोपियों के गांव भलस्वा में और देहरादून तक टीम ने पहुंचकर आरोपियों को तलाश किया। यश प्रताप सिंह पुंडीर ने जानलेवा हमले के मामले में ग्राम भलस्वा निवासी मोहित राणा एवं छह अज्ञात लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस के हाथ शाम तक एक भी आरोपी हाथा नहीं लग सका था। हालांकि इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से संबंधित छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की। जिसके बाद हमलावरों के नाम सामने आए हैं।
आरोपी राहुल राणा के छह साथी हुए चिह्नित
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि यश प्रताप सिंह पुंडीर पर हमला करने के आरोपी राहुल राणा पहले से ही नामजद है। जबकि उसके छह साथी अज्ञात में थे। पुलिस ने उनको भी चिह्नित कर लिया है। सभी के नाम पुलिस के पास आ चुके हैं। सभी आरोपी ग्राम भलस्वा के ही रहने वाले हैं। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह है मामला
मोहल्ला पंत विहार निवासी एथलीट यश प्रताप सिंह पुंडीर डिस्कस थ्रो का खिलाड़ी है और जौनपुर में रहकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी कर रहा है। उसका अपने दोस्तों के साथ मोबाइल फोन पर राजपूत के नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बना हुआ है। जिस पर किसी बात को लेकर यश की अपने ही मित्र ग्राम भलस्वा निवासी मोहित राणा से बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि एक दूसरे को देख लेने तक की धमकी दे दी गई। मंगलवार को जब यश डाक्टर भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में अभ्यास के लिए जा रहा था। आरोप है कि मोहित राणा ने अपने साथियों के साथ उस पर फायरिंग कर दी। एक गोली यश के सीने में लगी। जिससे यश गंभीर रूप से फरार हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दूसरे दिन अपेक्षाकृत कम खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचे
मंगलवार को डिस्कस थ्रो के खिलाड़ी यश प्रताप सिंह को गोली मारने की वारदात के बाद स्टेडियम में कड़ी सतर्कता बरती गई। मुख्य गेट पर जंजीर लगाकर उसे आधा ही खोले रखा गया और स्टेडियम में आने वाले खिलाड़ियों के पहचान पत्र चेक किए गए। कोच लाल धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने खिलाड़ियों को बता दिया था कि बिना पहचान पत्र के स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। बुधवार को स्टेडियम में अभ्यास के लिए आने वाले लोगों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही। दिन भर स्टेडियम में मंगलवार को हुई वारदात की चर्चा रही।
स्टेडियम में प्रैक्टिस करते खिलाड़ी- फोटो : SAHARANPUR