छुटमलपुर में भाजपाईयों की बस पर गिरा बिजली का खंभा और पास खड़े ग्रामीण। श्रोत ग्रामीण
छुटमलपुर(सहारनपुर)। थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव चमारी खेड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में शामिल होने के लिए जा रहे समर्थकों की बस पर बिजली का खंभा गिरने से करंट फैल गया। इससे बस सवार लोगों को करंट के झटके लगे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही हादसे के तुरंत बाद सप्लाई चली गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसा सुबह 11 बजे हुआ। शनिवार को गांव बुड्ढाखेड़ा पुंडीर से समर्थक बस में सहारनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। गांव चमारीखेड़ा में सड़क पर लटक रहा केबल बस के ऊपर लगे लोहे के जाल में फंस गया। केबल खिंचने से खंभा टूटकर बस के ऊपर गिर गया। बुड्ढाखेड़ा के प्रधानपति गौरव राणा ने बताया, कि पोल गिरने बस में करंट दौड़ गया। बस में करीब करीब 50-60 लोग सवार थे, जो करंट के झटके लगने से बस से नीचे कूदने लगे। अफरा-तफरी के बीच चीख पुकार मच गई।
रविंद्र, करमचंद, राजबल सिंह व रवि कुमार आदि ने बताया कि बस के ऊपर स्पार्किंग हो रही थी। एक बारगी तो सभी को लगा था, कि कोई नहीं बचेगा, लेकिन राम जी कृपा रही कि हादसे के तुरंत बाद बिजली की सप्लाई बंद हो गई। अगर सप्लाई नहीं जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। चमारी खेड़ा के पूर्व प्रधान ब्रह्म सिंह ने बताया, कि एक साल से केबल सड़क पर नीचे लटका हुआ है। इस संबंध में कई बार विभाग अधिकारियों को लिखित व मौखिक रूप से अवगत भी कराया जा चुका है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।