सहारनपुर। नए साल में नई कमिश्नरी का तोहफा मिलने जा रहा है। करीब ढाई एकड़ जमीन पर नई कमिश्नरी बनेगी। जिसमें अफसरों से लेकर जनता तक के लिए हर सुविधा मुहैया कराई जाएगी। शासन से सीधे जड़ने के लिए आधुनिक तकनीक से युक्त वीडियो कांफ्रेंसिंग उपकरण भी लगाया जाएगा।
सहारनपुर को स्मार्ट सिटी का तमगा मिल गया है, लेकिन अभी कई चीजें ऐसी हैं। जिन्हें स्मार्ट बनाया जाना है। कमिश्नरी की बात करें तो सहारनपुर मंडल से सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जिले की मॉनिटरिंग होती है। जनता का काम कमिश्नरी से पड़ता है। वे यहां पर अपनी फरियाद आदि लेकर आते हैं। ऐसे में फिलहाल कमिश्नरी में वो सारी व्यवस्थाएं नहीं हैं, जो होनी चाहिए। मसलन, जनता के लिए उपयुक्त सुविधा और साधन और अफसरों के लिए पर्याप्त और कमिश्नरी स्तर के भवन आदि हैं, लेकिन अब नई कमिश्नरी का प्रस्ताव कैबिनेट से मंजूर हो चुका है। करीब ढाई एकड़ जमीन पर नई कमिश्नरी आकार लेते हुए नए साल में दिखाई देगी। इसके लिए विकास खंड बलियाखेड़ी जहां पर फिलहाल कमिश्नरी है उसे शिफ्ट किया जाएगा। जिलाधिकारी की ओर से विकास खंड बलियाखेड़ी को ग्रामीण क्षेत्र में वहां की जनता के अनुकूल शिफ्ट करने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। कमिश्नरी के लिए स्टीमेट और नए भवन की रूपरेखा तैयार करने पर काम चल रहा है। नए साल में सुविधाओं से युक्त स्मार्ट सिटी में स्मार्ट कमिश्नरी की नींव पड़ जाएगी।
कमिश्नरी के नए भवन के लिए दो से तीन महीने के भीतर बजट स्वीकृत हो जाएगा। जमीन का प्रस्ताव पास हो चुका है। कमिश्नरी आधुनिक तकनीक से लैस होगी। जनता के लिए भी पूरी सुविधाएं होंगी। स्टीमेट पास होते, नए भवन का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
संजय कुमार, कमिश्नर, सहारनपुर मंडल