-जर्जर भवन को ध्वस्त कराया गया, बरसात के बाद शुरू होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की बगल में खाली पड़ी भूमि पर पुस्तकालय बनाने की योजना है। इसके लिए विभाग के खंडहर भवन को ध्वस्त कर सफाई कराई जा रही है। बरसात के बाद काम शुरू हो सकता है।
जिला अधिकारी मनीष बंसल ने करीब छह महीने पहले जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का निरीक्षण करते हुए खाली पड़ी भूमि को देखा था। उन्होंने जर्जर हो चुके पुराने भवन को ध्वस्त कराने के निर्देश दिए थे। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सिंह को पुस्तकालय का डिजाइन तैयार करने को कहा था, जिससे जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की बगल में पुस्तकालय बनवाया जा सके। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने खाका तैयार किया था, जिसमें पुस्तकालय के साथ ही एक रीडिंग रूम भी बनाने की बात कही गई थी। इन दिनों जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की बगल के खंडहर को ध्वस्त कर सफाई कराई जा रही है। बताया गया कि बरसात के बाद पुस्तकालय का काम शुरू होगा।
राजकीय पुस्तकालय का होना था विस्तार
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से करीब सौ मीटर दूर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के सामने राजकीय पुस्तकालय है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत दो कमरों के राजकीय पुस्तकालय को विस्तारित करने की बात कही गई थी। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में तय भी हो गया था, लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस है।