सहारनपुर। पुलिस की आरक्षी भर्ती प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा करने की कोशिश करने वाली युवती को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। युवती पुलिस लाइन में दस्तावेजों की जांच के दौरान पकड़ी गई थी। पुलिस ने उससे कई बिंदुओं पर पूछताछ की।
पुलिस लाइन में 17 जून से आरक्षियों की आमद शुरू हुई थी, जो 21 जून तक चली। जब भर्ती हुए आरक्षियों की संख्या का मिलान किया गया, तो कुल संख्या 251 पाई गई, जबकि वास्तविक संख्या 250 ही थी। इसी दौरान सूची में मीनाक्षी नाम की महिला आरक्षी संदेह के घेरे में आ गई।
दस्तावेजों की गहनता से जांच की गई तो सामने आया कि युवती मीनाक्षी निवासी गांव करनपुरी जैतपुर कलां जिला आगरा फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर भर्ती में शामिल होने पहुंची थी। जांच में पाया गया कि उसने एडिट कर नियुक्ति पत्र तैयार किया था। युवती की कॉल डिटेल खंगाली गई है।
साथ ही गिरोह में कौन-कौन शामिल है। इस बिंदु पर भी पुलिस ने पूछताछ की। सोमवार को थाना सदर बाजार पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। उधर, एसपी सिटी व्योम बिंदल का कहना है कि युवती से पूछताछ में जो भी बात सामने आई है, उन बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है।