गंगोह। दुकान पर ग्राहक बनकर आए एक बदमाश ने सामान लेने के बहाने दुकानदार को अंदर भेज कर गल्ले में रखी बीस हजार की नगदी पार कर दी और भाग खड़ा हुआ। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका।
गांव नागल राजपूत निवासी सोनू पुत्र राजपाल कोतवाली के नजदीक ही लखनौती रोड पर दुकान करता है। दोपहर बाद एक व्यक्ति ने आकर उससे कुछ सामान की मांग की जिसे लेने सोनू जैसे ही दुकान के अंदर गया मौका पाकर ग्राहक बने बदमाश ने उसके गल्ले से बीस हजार की नगदी पार कर दी और भाग खड़ा हुआ। बदमाश को नगदी निकालते देख दुकानदार ने शोर मचाया जिस पर आस पास मौजूद लोगों ने बदमाश का पीछा भी किया लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह का कहना है कि बदमाश की तलाश जारी है।